Sun. Jun 28th, 2026

रेखा आर्या ने किया राष्ट्रीय फेंसिंग प्रतियोगिता का उद्घाटन, खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं

रुद्रपुर/उधमसिंह नगर : दिल्ली पब्लिक स्कूल रुद्रपुर में सीबीएसई की नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप-2025 का भव्य शुभारंभ हुआ। यह प्रतियोगिता देशभर के लगभग सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की टीमों की भागीदारी से आयोजित की जा रही है, जिससे उत्तराखंड के खेल क्षेत्र में बढ़ती प्रतिष्ठा को बल मिल रहा है।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड में इस स्तर की फेंसिंग चैंपियनशिप का पहली बार आयोजन होना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि राज्य अब केवल देवभूमि या वीरभूमि तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि खेल भूमि के रूप में भी अपनी एक अलग पहचान बना रहा है।

रेखा आर्या ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को खिलाड़ियों की नर्सरी बनाना है। उन्होंने फेंसिंग को अनुशासन, गति और रणनीति का अद्भुत संगम बताया और कहा कि यह खेल युवाओं को मानसिक और शारीरिक रूप से सशक्त बनाता है।

मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। पदक विजेताओं को अधिकतम नगद इनाम, सरकारी नौकरियों और छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि अब उत्तराखंड में हर सप्ताह किसी न किसी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है, जो प्रदेश में उभरती खेल संस्कृति को दर्शाता है।

शुभारंभ समारोह की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसमें स्कूल के बच्चों ने पारंपरिक रंग-बिरंगे परिधानों में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और संगीत की मनोहारी झलक पेश की। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे वातावरण को उमंग से भर दिया।

इस मौके पर नेशनल फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव राजीव मेहता, उत्तरांचल ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महेश नेगी, महासचिव डीके सिंह, फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष सुरजीत सिंह ग्रोवर, बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य दीपक गुलाटी, भाजपा काशीपुर के जिला सह प्रभारी भारत भूषण चुघ और कुमाऊं विश्वविद्यालय के पूर्व स्पोर्ट्स ऑफिसर नागेन्द्र शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *