Wed. Sep 23rd, 2026

रायवाला में महिला की हत्या से सनसनी,पोती को स्कूल भेजा, फिर हुई हत्या

रायवाला/देहरादून :  मोतीचूर रेलवे लाइन के पार भगत सिंह कालोनी में सोमवार को एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से सनसनी फैल गई। 65 वर्षीय खजानी देवी अपनी छह वर्षीय पोती के साथ किराये के कमरे में रह रही थीं। हत्या के बाद आरोपी कमरे के बाहर ताला लगाकर फरार हो गए। महिला के दाहिने गाल पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने बेटे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रायवाला कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मोहन सिंह के अनुसार, खजानी देवी अपनी पोती की पढ़ाई के लिए मोतीचूर में किराये के कमरे में रहती थीं। उनके बेटे संजय पुंडीर अपनी पत्नी के साथ ग्राम काटल गड़ूल, रानीपोखरी स्थित पैतृक घर में रहते हैं। सोमवार सुबह खजानी देवी पोती को स्कूल छोड़ने गई थीं। इसके बाद वह पड़ोस में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुईं और फिर अपने कमरे में लौट आईं।

छुट्टी के बाद जब खजानी देवी पोती को लेने स्कूल नहीं पहुंचीं तो विद्यालय प्रशासन ने पड़ोस में रहने वाले उनके दामाद पंकज थापा को फोन किया। पंकज बच्ची को लेकर खजानी देवी के कमरे पर पहुंचे, लेकिन वहां बाहर से ताला लगा मिला। खजानी देवी का मोबाइल भी स्विच ऑफ था। इसके बाद पंकज बच्ची को अपने घर ले गए।

शाम को पंकज दोबारा कमरे पर पहुंचे तो ताला पहले की तरह बंद था। उन्होंने इसकी सूचना खजानी देवी के बेटे संजय को दी। संजय के मौके पर पहुंचने के बाद कमरे का ताला तोड़ा गया। अंदर बाथरूम में खजानी देवी मृत अवस्था में पड़ी मिलीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, जिस तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया, उससे आशंका है कि आरोपी महिला की दिनचर्या से परिचित थे। उन्हें यह जानकारी थी कि पोती के स्कूल जाने के बाद खजानी देवी कमरे में अकेली रहती हैं। इसी दौरान हत्या को अंजाम दिए जाने की आशंका है।

काटल गड़ूल गांव में पोती की पढ़ाई के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं होने के कारण खजानी देवी ने मोतीचूर में किराये का कमरा लिया था। पड़ोस में उनकी बेटी और दामाद का परिवार भी रहता था। वह अपनी पोती की पढ़ाई को लेकर काफी गंभीर थीं और उसके बेहतर भविष्य के लिए मोतीचूर में रह रही थीं।

हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस को अब तक सीसीटीवी फुटेज और क्राइम सीन से कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। खजानी देवी के मोबाइल की कॉल डिटेल भी अभी पुलिस के हाथ नहीं लगी है। प्रभारी निरीक्षक मोहन सिंह के अनुसार, मामले की जांच के लिए पांच टीमें लगाई गई हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हत्या के कारण और आरोपियों की पहचान करने के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *