Tue. Jul 7th, 2026

सकौती ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार कार खाई में गिरी, तीन की गई जान

मेरठ : दौराला थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सकौती ओवरब्रिज से पहले उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार ब्रेजा कार का अगला टायर अचानक फट गया। टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार कई बार पलटते हुए सड़क किनारे खाई में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही दौराला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे चारों युवकों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के मुताबिक दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य को उपचार के लिए भर्ती कराया गया। इनमें से एक युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चौथे युवक का उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त ब्रेजा कार पर दिल्ली का पंजीकरण दर्ज है। प्रारंभिक अनुमान है कि कार सवार सभी युवक दिल्ली के निवासी हो सकते हैं। हालांकि समाचार लिखे जाने तक उनकी आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी थी।

मौके से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, लेकिन सभी फोन सुरक्षा लॉक होने के कारण पुलिस को उनसे कोई जानकारी नहीं मिल सकी। अब वाहन के पंजीकरण संबंधी विवरण के आधार पर मृतकों और घायल की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चारों युवक किस स्थान से रवाना हुए थे और उनका गंतव्य क्या था। हादसे के कारणों की विभिन्न पहलुओं से पड़ताल की जा रही है। मृतकों की शिनाख्त होने के बाद उनके परिजनों को सूचना दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *