Mon. Jul 6th, 2026

राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में कई बड़े फैसलों के संकेत, CEO नियुक्ति पर भी चर्चा संभव

अयोध्या : सोमवार को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है, जिसे राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद ट्रस्ट की सबसे अहम बैठकों में गिना जा रहा है। दोपहर 3 बजे प्रस्तावित इस बैठक में दान से जुड़े कथित चोरी के मामले के बाद महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा द्वारा दिए गए इस्तीफों पर अंतिम निर्णय लिए जाने की संभावना है। साथ ही ट्रस्ट के नए महासचिव के चयन को लेकर भी विचार-विमर्श हो सकता है।

पहले यह बैठक मणि राम दास छावनी में आयोजित की जानी थी, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था और बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधियों के पहुंचने की आशंका को देखते हुए इसका स्थान बदलकर राम मंदिर परिसर स्थित गेस्ट हाउस कर दिया गया है। बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास करेंगे। अधिकांश ट्रस्टियों के व्यक्तिगत रूप से शामिल होने की उम्मीद है, जबकि वरिष्ठ अधिवक्ता के. परासरन ऑनलाइन माध्यम से बैठक में भाग लेंगे। चंपत राय और अनिल मिश्रा भी बैठक में उपस्थित रहेंगे।

बैठक के एजेंडे में कथित दान चोरी मामले की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) की अंतरिम रिपोर्ट की समीक्षा भी शामिल है। इस मामले में विवाद बढ़ने के बाद चंपत राय ने 26 जून को महासचिव पद से इस्तीफा सौंप दिया था। इसके बाद जांच के तहत अयोध्या पुलिस ने उनसे और ट्रस्टी अनिल मिश्रा से पूछताछ भी की थी।

इसके अलावा ट्रस्ट में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) का नया पद सृजित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा होने की संभावना है। यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो मंदिर के दैनिक प्रशासन और संचालन की जिम्मेदारी मुख्य रूप से CEO के पास होगी, जिससे ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *