सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर कोर्ट में नहीं हुए पेश, टली सुनवाई
देहरादून : सीबीआई कोर्ट में मंगलवार को पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर की पेशी होनी थी, लेकिन दोनों में से कोई भी अदालत नहीं पहुंचा। इसके चलते मामले में सुनवाई नहीं हो सकी। अब अदालत की ओर से प्रकरण में अगली तारीख तय की जाएगी।
वहीं, पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में जेल में बंद अभिनेत्री उर्मिला सनावर को सोमवार को अदालत से जमानत मिल गई थी। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने 50 हजार रुपये के व्यक्तिगत बंधपत्र और इतनी ही धनराशि के दो जमानती पेश करने की शर्त पर उनकी रिहाई के आदेश दिए थे। जमानत संबंधी दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को उनकी जेल से रिहाई की संभावना जताई जा रही थी।
मामले में दीपिका राठौर ने 24 अक्टूबर को रानीपुर कोतवाली में उर्मिला सनावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनसे पांच करोड़ रुपये की मांग की गई और रविदास धाम अपने नाम कराने के लिए दबाव बनाया गया। पुलिस ने 25 अक्टूबर को सहारनपुर स्थित उनके आवास से उर्मिला सनावर को गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। इसके बाद उर्मिला सनावर की ओर से अदालत में जमानत याचिका दाखिल की गई। हालांकि, एक दिन जांच आख्या उपलब्ध नहीं होने और दूसरे दिन अन्य कारणों से याचिका पर सुनवाई नहीं हो पाई थी। आखिरकार सोमवार को अदालत ने उनकी जमानत मंजूर कर ली।