Tue. Nov 3rd, 2026

विमान हादसा: लैंडिंग के दौरान टकराए दो हेलीकॉप्टर, मचा हड़कंप

नेपाल :  सोलुखुम्बु जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक विमान हादसा सामने आया, जहां लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। हादसा खुम्बु पासांग ल्हामु ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर-4 स्थित फेरिचे हेलीपैड पर सुबह करीब 8 बजकर 11 मिनट पर हुआ। दोनों हेलीकॉप्टर अलग-अलग कंपनियों एयर डायनेस्टी और फिशटेल एयर के बताए जा रहे हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, लैंडिंग के समय दोनों हेलीकॉप्टरों के रोटर आपस में टकरा गए, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में एक विदेशी नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल को माउंटेन हेलीकॉप्टर की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, मृतक का शव प्रभु एयर के हेलीकॉप्टर से लुकला ले जाया गया। हालांकि, मृतक किस देश का नागरिक था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेंद्र भुल ने बताया कि शुरुआती जांच में दोनों हेलीकॉप्टरों के रोटर टकराने की बात सामने आई है। फिलहाल संबंधित अधिकारी दुर्घटना के कारणों और इससे जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रहे हैं।

वहीं, अमेरिका के दक्षिण फ्लोरिडा से भी एक भीषण विमान हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक बिजनेस जेट रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई। हादसा पाम बीच काउंटी के क्रेस्टहेवन इलाके में हुआ, जहां विमान जमीन से टकराते ही आग के बड़े गोले में तब्दील हो गया। बताया जा रहा है कि यह विमान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रिसॉर्ट मार-ए-लागो से करीब 14 किलोमीटर दूर गिरा। हादसे में शामिल विमान लियरजेट-60 था, जो नौ लोगों को लेकर उड़ान भर रहा था।

दुर्घटना से पहले विमान करीब 35 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। इसी दौरान पायलटों ने खराब मौसम, टर्बुलेंस और विमान पर बर्फ जमने की सूचना दी थी। उन्होंने विमान को करीब 2 हजार फीट और ऊपर ले जाने की अनुमति भी मांगी थी। इसके कुछ समय बाद विमान मिलिट्री ट्रेल और 10वें एवेन्यू नॉर्थ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान रिहायशी घरों से टकराने से बाल-बाल बचा, लेकिन व्यस्त सड़क के पास गिरने से वहां बड़ा गड्ढा बन गया और आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और आपातकालीन बचाव दल मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने सड़क के दोनों ओर यातायात बंद कर दिया और लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी। हादसे के बाद आसपास के इलाके में करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। फिलहाल दोनों विमान हादसों को लेकर संबंधित एजेंसियां जांच में जुटी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *