Fri. Jun 5th, 2026

महिला अधिकारी की संदिग्ध मौत, या हत्या? परिजनों ने उठाए सवाल

देहरादून :  बसंत विहार थाना क्षेत्र में एक महिला अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। मृतका राजेश्वरी, जो पौड़ी में उरेडा विभाग में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं, की मौत को लेकर उनके मायके पक्ष ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनकी बहन का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि ससुराल पक्ष की साजिश और लगातार मानसिक उत्पीड़न का परिणाम है।

परिजनों के अनुसार राजेश्वरी का विवाह 7 दिसंबर 2022 को देहरादून के बल्लूपुर निवासी पीयूष सिंह के साथ हुआ था। शादी के बाद से ही सास आशा रानी, जेठ सत्यप्रिया सिंह और अन्य ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप यह भी है कि पति द्वारा उनके साथ मारपीट की जाती थी और बार-बार तलाक देने की धमकी दी जाती थी। इतना ही नहीं, राजेश्वरी के गहने, शैक्षिक प्रमाणपत्र और अन्य कीमती सामान भी ससुराल वालों ने अपने कब्जे में रख लिए थे, जिससे वह लगातार मानसिक तनाव में रहने लगी थीं।

बताया जा रहा है कि 5 अप्रैल की सुबह उनके पति ने फोन कर मायके पक्ष को सूचना दी कि राजेश्वरी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। हालांकि, इस सूचना के बाद परिवार ने मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम पर संदेह जताया और इसे साजिश करार दिया। मृतका की बहन ने पति, जेठ और सास के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी अशोक राठौर ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

यह भी सामने आया है कि ससुराल में चल रहे विवाद के चलते राजेश्वरी कुछ समय पहले मायके चली गई थीं। उनकी एक छोटी बेटी भी है, जिसे लेकर भी ससुराल पक्ष द्वारा परेशान किए जाने और नुकसान पहुंचाने की धमकियां देने के आरोप लगाए गए हैं। हाल ही में ससुराल पक्ष के लोग उन्हें वापस लेने मायके पहुंचे थे, जिसके बाद वह उनके साथ देहरादून लौटी थीं। अब उनकी अचानक हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *