लैब टेक्नीशियन और युवती की संदिग्ध मौत, फोरेंसिक जांच से खुलेगा राज
सहारनपुर : सदर बाजार कोतवाली क्षेत्र की एसबीआई कॉलोनी में बुधवार देर रात एक बंद कमरे से एक युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और दोनों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंधों से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही होने की बात कही है।
पुलिस के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने सूचना दी थी कि एसबीआई कॉलोनी स्थित एक मकान का कमरा काफी देर से अंदर से बंद है और बार-बार आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही। मौके पर पहुंची सदर बाजार पुलिस ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो संदिग्ध हालात नजर आए। इसके बाद पुलिस ने आसपास के लोगों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया।
कमरे के भीतर एक युवक और एक युवती मृत अवस्था में मिले। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह और पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए।
पुलिस ने मृतकों की पहचान 40 वर्षीय सैम कमनिश और 23 वर्षीय आस्था के रूप में की है। सैम कमनिश मूल रूप से केरल का रहने वाला था और दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत था। वहीं आस्था रसूलपुर पापड़ेकी की निवासी बताई गई है।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस का कहना है कि युवक ने संभवतः पहले अपनी कलाई की नस काटी और बाद में खिड़की से आंशिक रूप से लटककर आत्महत्या की। वहीं युवती की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, युवती के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मौत की असली वजह का खुलासा पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगा।क्षेत्राधिकारी द्वितीय मनोज कुमार यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।