Tue. Apr 21st, 2026

व्यापारियों और जनता से जीएसटी दरों पर मुख्यमंत्री ने लिया फीडबैक

देहरादून  :  प्रेमनगर में सोमवार शाम आयोजित ‘जीएसटी बचत उत्सव’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय व्यापारियों और आम जनता से संवाद कर केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में जीएसटी दरों में की गई कटौती से जुड़े लाभों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने व्यापारियों से मुलाकात कर उनसे नए जीएसटी स्लैब पर फीडबैक लिया और उनसे आग्रह किया कि वे ग्राहकों को इस राहत के बारे में जागरूक करें।

मुख्यमंत्री ने दुकानों पर जाकर व्यापारियों से बातचीत की और जनता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने आवश्यक उत्पादों और सेवाओं पर जीएसटी दरों में कमी की है, जिसका सीधा लाभ देश की जनता को मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस कदम से गृहिणियों से लेकर छोटे व्यापारियों तक हर वर्ग को राहत मिली है।

उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक स्थानीय और स्वदेशी उत्पाद खरीदने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से न केवल कुटीर उद्योग और छोटे कारोबारी सशक्त होंगे, बल्कि प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। इससे ग्रामीण और शहरी उद्यमियों को आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि दैनिक जीवन से जुड़े उत्पादों पर कर दरों में कमी से घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ा है और आमजन को वास्तविक राहत मिली है। नागरिकों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की जोड़ी को भरोसेमंद बताते हुए कहा कि इस डबल इंजन सरकार ने जनता को विकास, सुरक्षा और आर्थिक स्थिरता का भरोसा दिया है।

इस मौके पर विधायक सविता कपूर, भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *