शुकतीर्थ में श्रद्धालुओं पर टूटा कहर, अलग-अलग स्थानों पर डूबने से तीन की मौत
मुजफ्फरनगर : शुकतीर्थ में स्वामी ज्ञान भिक्षुक दास महाराज की पुण्यतिथि पर आयोजित शोभायात्रा के दौरान उस समय मातम छा गया, जब बाणगंगा में स्नान कर रहे चार श्रद्धालु अलग-अलग स्थानों पर डूब गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत अभियान चलाकर सभी को नदी से बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भोपा पहुंचाया। चिकित्सकों ने तीन श्रद्धालुओं को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
रविवार शाम करीब पांच बजे शुकदेव सेतु के पास बागपत के बालैनी थाना क्षेत्र के बिजवाड़ा गांव निवासी 18 वर्षीय हिमांशु स्नान के दौरान गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
इसके बाद शाम करीब सवा छह बजे बिजनौर के फतेहपुर कलां निवासी 21 वर्षीय राजन ठोकर नंबर-9 के पास स्नान करते समय बाणगंगा में डूब गया। वहीं, शाम करीब साढ़े सात बजे मुख्य घाट के समीप बिजनौर के हरनंगला गांव निवासी 10 वर्षीय रागनी, पुत्री सोहनपाल, भी नदी में डूब गई। दोनों को भी लोगों ने बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सक उन्हें नहीं बचा सके।
देर रात बिजनौर के फतेहपुर कलां निवासी मनीष को भी नदी से अचेत अवस्था में निकालकर सीएचसी भोपा में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलने पर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार सीएचसी भोपा पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और प्रत्येक पीड़ित परिवार को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। घटना के बाद शुकतीर्थ में श्रद्धालुओं के बीच शोक और गम का माहौल है।