दर्दनाक हादसा: 700 फीट खाई में गिरी स्कॉर्पियो; 8 की मौत
महाराष्ट्र : रायगढ़ और सतारा जिलों की सीमा पर स्थित खतरनाक अम्बेनाली घाट में एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। महाबलेश्वर और पोलादपुर के बीच एक स्कॉर्पियो एसयूवी अनियंत्रित होकर करीब 500 से 700 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन में सवार सभी लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक सभी युवक दापोली और कोंकण क्षेत्र से घूमकर सतारा लौट रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन, महाबलेश्वर के ट्रैकर्स और रेस्क्यू टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार खाई की गहराई अधिक होने और रात में घना अंधेरा होने के कारण बचाव अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। देर रात कड़ी मशक्कत के बाद केवल दो शवों को बाहर निकाला जा सका था। सुबह होते ही रेस्क्यू ऑपरेशन तेज किया गया और बाकी शवों को निकालने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया गया। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो सतारा जिले के आसगांव गांव की बताई जा रही है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी मृतक सतारा जिले के रहने वाले थे और दापोली से वापस लौटते समय यह हादसा हुआ। मृतकों की पहचान अंश समीर चव्हाण (19), रितेश राजेंद्र लोखंडे (22), सुहास जितेंद्र लोखंडे (20), उत्कर्ष आनंद शिंगटे (21), निखिल अभिमन्यु शिंगटे (25), महेश अनिल पवार (25), आदित्य अशोक सालुंखे (21) और राजेश अशोक काटकर (35) के रूप में हुई है।
अम्बेनाली घाट को महाराष्ट्र के सबसे खतरनाक घाट मार्गों में गिना जाता है, जहां अक्सर सड़क हादसे होते रहते हैं। घाट की गहरी खाइयां, तीखे मोड़ और दुर्गम रास्ते दुर्घटनाओं का बड़ा कारण माने जाते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के वक्त वाहन की रफ्तार अधिक होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से घाट क्षेत्रों में सावधानी से वाहन चलाने की अपील की है।