Mon. May 25th, 2026

जिप लाइन एडवेंचर बना मौत का सफर, 11वीं के छात्र की गई जान

आगरा : ताजगंज स्थित चाैपाटी में जिप लाइन हादसे में 11वीं कक्षा के छात्र कुनाल अग्रवाल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कुनाल एडवेंचर और स्टंट का शौकीन था। वह कई दिनों से पिता से जिप लाइन का मजा लेने की जिद कर रहा था। रविवार को माता-पिता उसे और छोटे भाई मयंक को लेकर आगरा घूमने आए थे, लेकिन यह सफर परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया।

कुनाल के नीचे गिरते ही मां रिंकी चीख पड़ीं। उन्होंने बेटे को गोद में उठाकर लोगों से मदद की गुहार लगाई। वह बार-बार कहती रहीं कि उनका बेटा तो सिर्फ खेलने आया था, उसे बचा लिया जाए। पिता पंकज बेसुध हो गए। होश आने पर वह बेटे के सीने से लिपटकर रोते रहे और कहते रहे कि बेटे की जिद पर ही यहां आए थे, उन्हें क्या पता था कि यह दिन उसके लिए आखिरी साबित होगा। परिवार की हालत देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

मयंक नौवीं कक्षा में पढ़ता है। दोनों भाइयों ने यूट्यूब पर चाैपाटी की जिप लाइन देखी थी और उसी के बाद यहां आने की इच्छा जताई थी। परिवार रविवार सुबह करीब 11 बजे फिरोजाबाद से बस द्वारा आगरा पहुंचा था। सबसे पहले जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद एक मॉल में फिल्म देखी। रिंकी की बहन बल्केश्वर में रहती हैं और परिवार घूमने के बाद उनके घर जाने वाला था। शाम करीब चार बजे परिवार चाैपाटी पहुंचा और करीब छह बजे हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुनाल जिप लाइन पर सवार हुआ ही था कि कुछ फीट आगे बढ़ने के बाद हुक टूटने लगा। उसने खुद को संभालने की कोशिश की, लेकिन वह करीब 45 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पिता लगातार बेटे को अस्पताल पहुंचाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन कोई तुरंत मदद के लिए आगे नहीं आया। करीब 15 मिनट बाद पुलिस पहुंची, मगर वाहन न होने की बात कहकर एंबुलेंस का इंतजार किया जाता रहा।

इस हादसे ने सिस्टम की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए। चाैपाटी में न तो फर्स्ट एड की व्यवस्था थी और न ही घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाने का इंतजाम। बताया गया कि ताजमहल क्षेत्र में पर्यटकों के लिए एंबुलेंस तैनात रहती है, लेकिन यहां एक घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। आखिरकार शाम सात बजे एंबुलेंस आई और कुनाल को एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए। देर रात पुलिस ने तहरीर लेने की प्रक्रिया शुरू की और पोस्टमार्टम की तैयारी कराई। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *