मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिवस पर UPCL ने मनाया सेवा और युवा संकल्प दिवस
देहरादून : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर यूपीसीएल द्वारा प्रदेशभर में सेवा और युवा संकल्प दिवस मनाया गया। इस दौरान विभिन्न कार्यालयों में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया।
5 केंद्रों पर 150 से अधिक यूनिट रक्तदान
यूपीसीएल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना के साथ रक्तदान महादान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रदेश के कुल 5 केंद्रों पर आयोजित शिविरों में 150 से अधिक यूनिट रक्तदान दर्ज किया गया।
विभिन्न शहरों में आयोजित हुए शिविर
रक्तदान शिविरों का आयोजन यूपीसीएल मुख्यालय गबर सिंह ऊर्जा भवन, देहरादून के साथ हरिद्वार, हल्द्वानी, रुद्रपुर और अन्य चिन्हित केंद्रों पर किया गया। शिविरों के सफल आयोजन के लिए प्रतिष्ठित अस्पतालों एवं ब्लड बैंकों का सहयोग लिया गया।
प्रबंध निदेशक ने रक्तदाताओं की सराहना की
यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक श्री पी.सी. ध्यानी ने शिविर की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी रक्तदाताओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के जनकल्याणकारी विजन से प्रेरित होकर यूपीसीएल परिवार विद्युत आपूर्ति के माध्यम से जनसेवा करने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों और मानव जीवन की रक्षा के लिए भी सदैव तत्पर रहता है।
मानव संसाधन विभाग की रही अहम भूमिका
पूरे आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने में यूपीसीएल के मानव संसाधन विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) श्री आर.जे. मलिक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर इस पुनीत कार्य का हिस्सा बनने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक कार्य समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाते हैं।
सुरक्षा और मेडिकल मानकों का रखा गया ध्यान
शिविरों के सफल प्रबंधन एवं केंद्रों के समन्वय की देखरेख कर रहे उपमहाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री जितेन्द्र सिंह और कार्मिक अधिकारी श्री आशीष कुमार ने बताया कि सभी शिविरों में सुरक्षा एवं मेडिकल मानकों का पूरा ध्यान रखा गया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोगी अस्पतालों, ब्लड बैंकों और यूपीसीएल के सभी नोडल अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकास को मिली गति : पी.सी. ध्यानी
प्रबंध निदेशक श्री पी.सी. ध्यानी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उनके युवा एवं ऊर्जावान नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है तथा जनहित एवं सेवा की भावना को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित रक्तदान शिविर इसी सेवा भावना को समर्पित एक सार्थक पहल है।
यूपीसीएल परिवार ने दी जन्मदिवस की शुभकामनाएं
यूपीसीएल परिवार की ओर से मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी गई।