उर्मिला सनावर की बढ़ीं मुश्किलें, सोशल मीडिया पोस्ट पर FIR
देहरादून : सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट और अपमानजनक टिप्पणियां करने के आरोप में उर्मिला सनावर के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने में एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। एक महिला की तहरीर पर दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि उर्मिला सनावर अपनी फेसबुक आईडी के जरिए उसके खिलाफ लगातार अभद्र और आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट कर रही थीं। महिला ने आरोप लगाया कि इस तरह की पोस्ट के जरिए उन्हें आत्महत्या के लिए भी उकसाया जा रहा था।
महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से उसके खिलाफ लगातार आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की जा रही थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट, टिप्पणियों और उनसे जुड़े अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
पहले भी दर्ज हो चुके हैं कई मुकदमे
उर्मिला सनावर के खिलाफ उत्तराखंड के अलग-अलग थानों में पहले भी कई मामले दर्ज हो चुके हैं। इनमें भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम की शिकायत पर दर्ज मुकदमा भी शामिल है। इसके अलावा नेहरू कॉलोनी थाने में ही आरती गौड़ की शिकायत पर भी उनके खिलाफ मामला दर्ज है।
आरती गौड़ ने आरोप लगाया था कि उनका मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए जाने के बाद उन्हें अज्ञात लोगों की ओर से धमकी भरे फोन आने लगे थे।
पूर्व विधायक सुरेश राठौर को लेकर भी चर्चा में आई थीं
उर्मिला सनावर नवंबर 2025 में उस समय भी सुर्खियों में आई थीं, जब उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर हरिद्वार की ज्वालापुर विधानसभा सीट से भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से मदद की गुहार भी लगाई थी।उर्मिला सनावर सोशल मीडिया पर अपना नाम एक्ट्रेस उर्मिला सुरेश राठौर लिखती हैं और खुद को पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी बताती हैं।
अंकिता भंडारी मामले में भी दिए थे बयान
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर ऑडियो और वीडियो जारी करने के बाद भी उर्मिला सनावर चर्चा में रही थीं। उन्होंने कुछ सफेदपोश लोगों और राजनेताओं के मामले में शामिल होने के दावे किए थे। उनके बयानों और आरोपों के बाद उत्तराखंड पुलिस की सात सदस्यीय एसआईटी ने उन्हें पूछताछ के लिए समन भेजा था।
जनवरी 2026 में देहरादून और हरिद्वार में उनसे कई घंटे पूछताछ भी की गई थी। उस दौरान उन्होंने अपने मोबाइल फोन में मौजूद रिकॉर्डिंग और अन्य तथ्यों को पुलिस के सामने पेश करने की बात कही थी।अब नेहरू कॉलोनी थाने में दर्ज नए मुकदमे के बाद उर्मिला सनावर की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। पुलिस मामले में सोशल मीडिया पोस्ट और उनसे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।