उत्तराखंड SIR पूरा, 3 अक्टूबर को आएगी अंतिम मतदाता सूची
देहरादून : उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पूरी हो गई है। सोमवार रात 12 बजे पुनरीक्षण की समयसीमा समाप्त होने के साथ ही चुनाव आयोग ने मतदाता सूची से संबंधित पूरा डाटा फ्रीज कर दिया। अब तीन अक्तूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद साफ हो जाएगा कि प्रदेश में कितने मतदाताओं के नाम हटे हैं और कितने नए नाम सूची में शामिल किए गए हैं।
चुनाव आयोग ने आठ जून से एसआईआर की प्रक्रिया शुरू की थी। इसके तहत मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए गए, जिन्हें सात जुलाई तक भरकर वापस लिया गया। 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई थी। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया गया। इनका सुनवाई और निस्तारण 10 जुलाई से 28 सितंबर तक किया गया।
पहले अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर को जारी होनी थी, लेकिन पांच जिलों के मतदाताओं के उत्तर प्रदेश से सत्यापन की प्रक्रिया के चलते तारीख आगे बढ़ा दी गई। सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने बताया कि अब पूरा डाटा फ्रीज हो चुका है और इसमें किसी भी तरह का बदलाव संभव नहीं है। हालांकि, जिन लोगों के नाम छूट गए हैं या जो नए मतदाता हैं, वे फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
एसआईआर से पहले चलाए गए प्री-एसआईआर अभियान के दौरान करीब पांच लाख ऐसे नाम मतदाता सूची से हटाए गए थे, जिनमें संबंधित मतदाता स्थानांतरित हो चुके थे या उनकी मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद एसआईआर के दौरान बीएलओ ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए। ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद करीब आठ लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए।
सोमवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देश पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी हुई। बैठक की अध्यक्षता अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने की। उन्होंने बताया कि दावे और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
उन्होंने कहा कि जिन नागरिकों का नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे ऑनलाइन ईसीआई-नेट या अपने बीएलओ के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। बैठक में भाजपा से राजकुमार पुरोहित, कांग्रेस से राजेंद्र सिंह भंडारी और प्रशांत खंडूरी, बसपा से सत्यपाल और सतेंद्र चोपड़ा, आम आदमी पार्टी से अशोक सेमवाल तथा सीपीआई(एम) से अनंत आकाश मौजूद रहे।