Mon. Jun 15th, 2026

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर टावर पर चढ़ी पीड़िता

कानपुर : मारपीट के मामले में पुलिस कार्रवाई न होने से नाराज एक महिला शुक्रवार शाम बीएसएनएल टावर पर चढ़ गई और आत्महत्या की चेतावनी देने लगी। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और देर शाम तक महिला को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई।

मंगलपुर थाना क्षेत्र के नहली गांव के मजरा गिरवर सिंह का पुरवा निवासी रचना चौहान (23) का आरोप है कि 9 जून की रात करीब नौ बजे वह अपने पति अमित चौहान के साथ मंगलपुर से गांव लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में गांव के कुछ लोगों ने दोनों के साथ मारपीट की। रचना का कहना है कि घटना की शिकायत थानाध्यक्ष मंगलपुर और पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात से की गई थी, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पुलिस की कार्यवाही से नाराज रचना शुक्रवार शाम करीब चार बजे मुंगीसापुर क्षेत्र के लडुवापुर गांव के पास खेत में स्थित बीएसएनएल टावर पर चढ़ गई। महिला के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई।

सूचना पर थानाध्यक्ष डेरापुर धीरेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी संजय गुप्ता समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने महिला से बातचीत कर उसे शांत कराने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया। पुलिस लगातार कार्रवाई का आश्वासन देकर उसे नीचे उतरने के लिए मनाती रही, लेकिन महिला आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग पर अड़ी रही।

घटना के चलते क्षेत्र में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। क्षेत्राधिकारी संजय गुप्ता ने बताया कि मंगलपुर थानाध्यक्ष को भी मौके पर बुलाया गया है और महिला को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *