Tue. Sep 15th, 2026

गणेशपुर मेले में युवक ने गर्दन पर किया वार, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

रूड़की: गणेश चतुर्थी के उल्लास के बीच गणेशपुर क्षेत्र में एक युवक ने कथित तौर पर चाकू से अपनी गर्दन पर वार कर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची गंगनहर कोतवाली पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अपने वाहन से सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स रेफर कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने मेले में लगी एक दुकान से करीब दस रुपये का चाकू खरीदा था। कुछ ही देर बाद उसने अचानक अपनी गर्दन पर वार कर लिया और सड़क पर गिर पड़ा। खून बहने से आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस का इंतजार किए बिना पुलिसकर्मी घायल युवक को अपने वाहन से सिविल अस्पताल ले गए। पुलिस के अनुसार, युवक ने अपना नाम अरमान और पता मजदूर बस्ती, दिल्ली बताया है। हालांकि, वह घटना के संबंध में अधिक जानकारी देने की स्थिति में नहीं था।

अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी जांच की। प्रारंभिक परीक्षण में गर्दन की श्वास नली और प्रमुख नसों को गंभीर क्षति नहीं होने की बात सामने आई, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे एम्स रेफर कर दिया गया।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि युवक द्वारा यह कदम उठाने के पीछे के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सके हैं। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *