Sun. Jun 28th, 2026

प्रदेशभर में 67 ब्लड बैंक बना रहे हैं रक्त उपलब्धता का आधार

देहरादून : “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान के तहत प्रदेशभर में आयोजित रक्तदान शिविरों में अब तक 66 हजार से अधिक लोगों ने ई-रक्तकोष पोर्टल पर स्वैच्छिक रक्तदान के लिये अपना पंजीकरण कराया है। इनमें से 8,779 लोगों ने रक्तदान भी किया है। चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से यह विशेष अभियान प्रारम्भ किया गया था, जिसके अंतर्गत प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेज, जिला एवं उप जिला अस्पताल, संयुक्त अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया।

उन्होंने जानकारी दी कि ई-रक्तकोष पोर्टल पर अब तक 66,878 लोगों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें अल्मोड़ा से 3891, बागेश्वर 525, चमोली 999, चम्पावत 1686, देहरादून 6539, हरिद्वार 6004, नैनीताल 6026, पौड़ी 9006, पिथौरागढ़ 1383, रुद्रप्रयाग 1418, टिहरी 15901, ऊधमसिंह नगर 11370 तथा उत्तरकाशी से 2130 लोग शामिल हैं।

डॉ. रावत ने बताया कि वर्तमान में प्रदेशभर में 67 ब्लड बैंक क्रियाशील हैं जिनकी रक्त संग्रहण क्षमता 39,750 यूनिट है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान आयोजित रक्तदान शिविर न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती प्रदान कर रहे हैं, बल्कि महिला सशक्तिकरण और परिवार की समृद्धि की भावना को भी मजबूत बना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविरों से जहाँ रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित होती है, वहीं यह समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने का भी सशक्त माध्यम है। अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य शिविरों में एनीमिया, कैंसर, हाइपरटेंशन, डायबिटीज, टीबी समेत अन्य गैर-संचारी रोगों की निःशुल्क जांच की गई। साथ ही गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच और निक्षय मित्र पंजीकरण भी किया गया। डॉ. रावत ने कहा कि पखवाड़े भर चले इस अभियान से लाखों लोग लाभान्वित हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *