Tue. Apr 21st, 2026

मुख्यमंत्री धामी ने वर्चुअल माध्यम से नई हवाई सेवाओं का किया शुभारंभ

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान योजना) के अंतर्गत पिथौरागढ़-मुनस्यारी-पिथौरागढ़ एवं हल्द्वानी-अल्मोड़ा-हल्द्वानी हवाई सेवाओं का मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इन हवाई सेवाओं के शुरू होने से राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में आम नागरिकों का आवागमन सुगम होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अल्मोड़ा और मुनस्यारी प्राचीन, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नगर हैं, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक धरोहरों के कारण पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। नई हेली सेवा से इन क्षेत्रों तक पहुँचना अब बेहद आसान होगा। हल्द्वानी से अल्मोड़ा पहुँचने का समय जहां पहले 3 से 4 घंटे लगता था, अब कुछ ही मिनटों में तय होगा। इन सेवाओं से पर्यटन और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी योजना “उड़ान” ने प्रदेश में हवाई संपर्क को मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभाई है। राज्य में अब तक 12 हेलीपोर्ट्स पर सेवाएँ शुरू हो चुकी हैं और 18 हेलीपोर्ट्स पर संचालन की दिशा में कार्य चल रहा है। फिलहाल गौचर, जोशियाड़ा, हल्द्वानी, मुनस्यारी, मसूरी, पिथौरागढ़, पंतनगर, चंपावत, बागेश्वर, नैनीताल और अल्मोड़ा को हेली सेवाओं से जोड़ा जा चुका है। आने वाले समय में अन्य क्षेत्रों को भी जोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हवाई संपर्क को सशक्त बनाने के साथ ही उत्तराखंड को वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के विस्तार पर भी कार्य हो रहा है। जौलीग्रांट और पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाओं के लिए विकसित करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि पिथौरागढ़-मुनस्यारी-पिथौरागढ़ एवं हल्द्वानी-अल्मोड़ा-हल्द्वानी के लिए हेलीकॉप्टर सेवा सप्ताह में सातों दिन और प्रतिदिन दो बार संचालित होगी। पिथौरागढ़ से मुनस्यारी के लिए सेवा सुबह 10:30 बजे और दोपहर 1:50 बजे चलेगी, जबकि वापसी उड़ान सुबह 10:50 बजे और दोपहर 2:10 बजे होगी। इसी तरह हल्द्वानी से अल्मोड़ा के लिए उड़ान सुबह 11:50 बजे और दोपहर 3:10 बजे चलेगी, जबकि अल्मोड़ा से हल्द्वानी वापसी सेवा दोपहर 12:50 बजे और शाम 4:10 बजे संचालित होगी। इन हवाई सेवाओं का किराया 2500 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसकी टिकटें यात्री ऑनलाइन वेबसाइट https://airheritage.in/ से बुक कर सकते हैं  इस अवसर पर सचिव युकाडा सचिन कुर्वे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *