Thu. May 14th, 2026

कई दौर की चर्चा के बाद कांग्रेस ने सतीशान को सौंपी कमान

तिरुवनंतपुरम : कई दिनों तक चले मंथन, बैठकों और सियासी अटकलों के बाद आखिरकार कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता वी.डी. सतीशान को केरल का अगला मुख्यमंत्री घोषित कर दिया। गुरुवार को तिरुवनंतपुरम में आयोजित कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। इसके साथ ही अब सतीशान के लिए राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश करने का रास्ता साफ हो गया है।

यह फैसला नई दिल्ली में कांग्रेस नेतृत्व के बीच लंबे दौर की चर्चाओं के बाद लिया गया। राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री पद को लेकर कई बैठकों में विचार-विमर्श किया। पार्टी के भीतर अलग-अलग गुटों की दावेदारी और नेताओं के बीच संतुलन बनाने को लेकर लगातार मंथन चलता रहा, जिसके कारण मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा में देरी हुई।

केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 140 में से 102 सीटों पर जीत दर्ज की थी। हालांकि जीत के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी असमंजस ने राजनीतिक हलकों में काफी उत्सुकता पैदा कर दी थी। आखिरकार पार्टी नेतृत्व ने वी.डी. सतीशान के नाम पर मुहर लगाकर सभी अटकलों पर विराम लगा दिया।

सूत्रों के अनुसार, केपीसीसी मुख्यालय में सीएलपी बैठक शुरू होने से कुछ घंटे पहले तक दिल्ली में बैठकों का दौर जारी था। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल को राहुल गांधी के आवास पर पहुंचते देखा गया था, जिसके बाद यह संकेत मिलने लगे थे कि पार्टी हाईकमान अंतिम फैसले के करीब पहुंच चुकी है। वरिष्ठ नेता दीपा दासमुंशी, अजय माकन और मुकुल वासनिक भी लगातार चर्चा में शामिल रहे।

दोपहर तक कांग्रेस नेतृत्व की ओर से किसी तरह की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई थी, जिससे राजनीतिक सस्पेंस और गहरा गया था। हालांकि शाम होते-होते पार्टी ने वी.डी. सतीशान के नाम की घोषणा कर दी, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। अब जल्द ही नई सरकार के शपथ ग्रहण की तारीख भी तय किए जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *