Mon. Jun 29th, 2026

आवासीय मकान में आग लगने से मासूम की मौत, राजस्व टीम जांच में जुटी

देहरादून : उत्तरकाशी जिले के बड़कोट क्षेत्र अंतर्गत कोटि गगटाड़ी निवासी शैलेन्द्र चौहान के लसरी नामे तोक स्थित दो मंजिला आवासीय मकान में रविवार की शाम अचानक भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में नेपाली मूल के मन बहादुर की ढाई माह की मासूम बच्ची की जलकर मौत हो गई, जबकि मकान में रखा सारा घरेलू सामान और भवन पूरी तरह जलकर राख हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि मकान में रह रहे लोग किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आए, लेकिन मासूम बच्ची आग की चपेट में आ गई और उसे बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

आग लगने की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम नायब तहसीलदार खजान असवाल के नेतृत्व में तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है तथा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में आग बुझाने के पर्याप्त संसाधन उपलब्ध न होने के कारण ऐसी घटनाओं में नुकसान अधिक हो रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को शीघ्र राहत और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *