Mon. Apr 20th, 2026

दिव्यांग दंपती ने गांव के लोगों पर उत्पीड़न का आरोप लगाकर तहसील में दी शिकायत

देहरादून : तहसील क्षेत्र के ग्राम आरा निवासी एक दिव्यांग दंपती ने गांव के कुछ लोगों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए तहसील मुख्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। शिकायत मिलते ही उप जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार को मौके पर भेजकर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

घटनाक्रम के अनुसार ग्राम आरा निवासी 75 वर्षीय दिव्यांग दल्लू दास और उनकी पत्नी सल्लो देवी तहसील मुख्यालय पहुंचे और कार्यालय की सीढ़ियों पर बैठ गए। इस दौरान उप जिलाधिकारी प्रेमलाल की नजर जब उन पर पड़ी तो उन्होंने दंपती से उनकी समस्या के बारे में जानकारी ली। दंपती ने बताया कि गांव के कुछ ग्रामीण उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं।

दंपती का आरोप है कि उनके साथ आए दिन अभद्रता और मारपीट की जाती है तथा जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। इतना ही नहीं, उन्हें गांव के सार्वजनिक नल से पीने का पानी लेने से भी रोका जा रहा है। पीड़ित दंपती ने इस संबंध में उप जिलाधिकारी को एक लिखित शिकायत भी सौंपी।

मामले को संज्ञान में लेते हुए उप जिलाधिकारी प्रेमलाल ने नायब तहसीलदार राजेंद्र लाल को तत्काल मौके पर भेजकर जांच करने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी ने बताया कि मामले की जांच कर नियमानुसार दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *