अयोध्या: एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा संभालेंगे राम मंदिर ट्रस्ट की जिम्मेदारी
अयोध्या : एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को बुधवार (2 सितंबर) को अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया। एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा, सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल (एसवाईएसएम), अति विशिष्ट सेवा मेडल (एवीएसएम) और विशिष्ट सेवा मेडल (वीएसएम) से सम्मानित भारतीय वायु सेना के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। वह पश्चिमी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।
38 साल से अधिक के अपने सैन्य करियर में एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा ने कई महत्वपूर्ण कमांड और स्टाफ पदों पर कार्य किया है। इनमें फाइटर स्क्वाड्रन के कमांडिंग ऑफिसर, एयरक्राफ्ट एंड सिस्टम्स टेस्टिंग एस्टेब्लिशमेंट (एएसटीई) में चीफ टेस्ट पायलट, दो फ्रंटलाइन एयर बेस के एयर ऑफिसर कमांडिंग, डायरेक्टर (ऑपरेशनल प्लानिंग एंड असेसमेंट ग्रुप), एयर मुख्यालय में प्रिंसिपल डायरेक्टर (एएसआर), असिस्टेंट चीफ ऑफ एयर स्टाफ (प्रोजेक्ट्स), एएसटीई के कमांडेंट और इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (डॉक्ट्रिन, ऑर्गनाइजेशन और ट्रेनिंग) के डिप्टी चीफ जैसे अहम पद शामिल हैं। मौजूदा पद संभालने से पहले वह इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (ऑपरेशन्स) के डिप्टी चीफ थे।
इससे पहले दिन में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर के प्रशासनिक फेरबदल के तहत तीन नए ट्रस्टी भी नियुक्त किए। नए ट्रस्टियों में दिल्ली के महेश भागचंदका, अयोध्या निवासी मदन मोहन पांडे और शिकोहाबाद की निर्मला यादव शामिल हैं। खबरों के मुताबिक, महेश भागचंदका विश्व हिंदू परिषद के दिवंगत नेता अशोक सिंघल के रिश्तेदार हैं। राम मंदिर ट्रस्ट की एक महत्वपूर्ण बैठक में इन तीनों की नियुक्ति पर चर्चा के बाद फैसला लिया गया।