Wed. Sep 2nd, 2026

गंगा का जलस्तर 70.29 मीटर पहुंचा, वाराणसी में बाढ़ को लेकर बढ़ी सतर्कता

वाराणसी : गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर से ऊपर पहुंच गया है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन गंगा में नावों के संचालन पर रोक लगा दी है और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है।केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के अनुसार, जिले में गंगा का जलस्तर बुधवार को चेतावनी स्तर 70.26 मीटर से बढ़कर 70.29 मीटर दर्ज किया गया। हालांकि, खतरे का निशान 71.26 मीटर और उच्चतम बाढ़ स्तर 73.90 मीटर निर्धारित है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से घाटों तथा तेज धार वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, गंगा के साथ-साथ वरुणा नदी के जलस्तर पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। वरुणा नदी के किनारे कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।

जिले के करीब 11 इलाके और वार्ड बाढ़ से आंशिक रूप से प्रभावित हैं। वहीं, वरुणा नदी की बाढ़ से 328 परिवारों के कुल 1,388 लोग प्रभावित हुए हैं। प्रशासन प्रभावित लोगों को जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत-बचाव के पर्याप्त इंतजाम करने में जुटा है।बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए जिले में 13 राहत शिविर बनाए गए हैं। इनमें वर्तमान में 219 परिवारों के 935 लोग रह रहे हैं।

जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने और प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर लोगों को बिना देरी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। वहीं, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पुलिस और एनडीआरएफ की टीमों को बाढ़ प्रभावित इलाकों में निरंतर निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *