Fri. Nov 27th, 2026

आशा कार्यकर्ताओं को बड़ी राहत, मानदेय में 1700 रुपये की बढ़ोतरी

देहरादून: उत्तराखंड में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में मानदेय को 1700 रुपये बढ़ाने के प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई। इस फैसले के बाद आशा कार्यकर्ताओं को अब हर महीने 8300 रुपये की जगह 10 हजार रुपये मानदेय मिलेगा।

सरकार के इस फैसले से प्रदेश की हजारों आशा कार्यकर्ताओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। खासकर ग्रामीण और शहरी इलाकों में गर्भवती महिलाओं की देखभाल, नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य, टीकाकरण और संस्थागत प्रसव को लेकर जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होती है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं को धरातल पर लागू कराने में भी उनकी अहम भागीदारी रहती है।

शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी के अलावा भवन निर्माण से जुड़े नियमों में छूट देने का निर्णय भी लिया गया। वहीं, जमीन का लैंड यूज बदलने की दरों में करीब 25 प्रतिशत तक कमी करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।

इसके साथ ही हरिद्वार में तीन पीआरटी कॉरिडोर बनाने की योजना को भी कैबिनेट की मंजूरी मिली। वहीं, वन भूमि पर बसे लोगों की आबादी को डी-नोटिफाई करने के संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने पर भी सैद्धांतिक सहमति बनी। कैबिनेट के इन फैसलों में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी को स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ा एक महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *