सपा को मुसलमानों का वोट चाहिए,लेकिन मेनिफेस्टो में मुद्दे गायब: शहाबुद्दीन
बरेली: समाजवादी पार्टी के मेनिफेस्टो को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। बरेली के मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए मुस्लिम समाज के मुद्दों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के मेनिफेस्टो में विकास और जनहित से जुड़े कई वादे किए गए हैं, लेकिन मुस्लिम समुदाय की समस्याओं को लेकर कोई स्पष्ट योजना सामने नहीं रखी गई।
मौलाना ने सवाल किया कि जब समाजवादी पार्टी चुनाव के दौरान मुस्लिम समाज से समर्थन मांगती है, तो उसके हितों और विकास की बात घोषणापत्र में क्यों नहीं की जाती? उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय आज भी आर्थिक तंगी, शिक्षा में पिछड़ेपन और रोजगार जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है। इसके बावजूद मेनिफेस्टो में इन समस्याओं के समाधान को लेकर कोई ठोस वादा नजर नहीं आता।
अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री कार्यकाल को लेकर भी मौलाना ने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि आज सपा प्रमुख प्रदेश में गुंडागर्दी और बदमाशी खत्म करने की बात कर रहे हैं, लेकिन उनके पांच साल के शासन के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी उन्हें जवाब देना चाहिए। मौलाना ने सपा सरकार के पुराने कार्यकाल में चर्चित रहे नारों का जिक्र करते हुए पार्टी की नीतियों पर सवाल उठाए।
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने समाजवादी पार्टी के मेनिफेस्टो को निराशाजनक बताते हुए इसे बकवास और वाहियात करार दिया। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज को केवल चुनावी समर्थन देने वाले वर्ग के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि उसकी शिक्षा, रोजगार और आर्थिक तरक्की के लिए भी ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। मौलाना ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा को इन सवालों का सामना करना पड़ सकता है।