Wed. Nov 4th, 2026

शाह की रैली को लेकर भाजपा तैयारियां तेज की,हर बूथ से जुटेंगे कार्यकर्ता

देहरादून : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छह नवंबर को प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर भाजपा महानगर संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उनके आगमन पर आयोजित होने वाली पदयात्रा रैली को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में मंगलवार को शहर की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में रायपुर, राजपुर, धर्मपुर, कैंट और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान रैली में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और प्रत्येक क्षेत्र से निर्धारित संख्या में लोगों को जुटाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

भाजपा की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे के दौरान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ पदयात्रा रैली आयोजित की जा रही है। पार्टी संगठन इस कार्यक्रम को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी में जुटा है। इसके लिए महानगर से लेकर मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की योजना बनाई गई है। संगठन का विशेष जोर इस बात पर है कि प्रत्येक बूथ से अधिकतम संख्या में कार्यकर्ता रैली में शामिल हों, ताकि कार्यक्रम में व्यापक जनभागीदारी दिखाई दे।

बैठकों को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का देहरादून आगमन भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए गौरव और उत्साह का विषय है। उनके स्वागत और प्रस्तावित रैली को यादगार बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी प्रतिबद्धता के साथ जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े संगठनात्मक कार्यक्रम की सफलता कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सामूहिक प्रयासों पर निर्भर करती है। ऐसे में सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार संपर्क और संवाद बनाए रखना होगा।

उन्होंने निर्देश दिए कि विधानसभा क्षेत्रवार बैठकों के बाद मंडल स्तर पर भी संगठनात्मक गतिविधियों को गति दी जाए। इसके साथ ही शक्ति केंद्रों और बूथों पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय कर उन्हें रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा से अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अभी से कार्ययोजना बनाकर उस पर अमल शुरू किया जाए। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत संपर्क करने और उन्हें कार्यक्रम की जानकारी देने पर भी विशेष जोर दिया गया।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और खजानदास सहित विधायक विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ तथा सविता कपूर ने भी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। उन्होंने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में रैली की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी जनप्रतिनिधियों ने कार्यकर्ताओं से निर्धारित संख्या के अनुरूप भागीदारी सुनिश्चित करने और संगठन की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने को कहा।

बैठकों में इस बात पर भी जोर दिया गया कि रैली के आयोजन से पहले सभी मंडलों और बूथों पर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम से जुड़ी आवश्यक जानकारी समय पर मिल सके। पार्टी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संपर्क अभियान चलाने और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई है।

भाजपा महानगर संगठन का लक्ष्य छह नवंबर को होने वाली पदयात्रा रैली में शहर की सभी संबंधित विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी सुनिश्चित करना है। इसके लिए संगठन ने तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से प्रस्तावित कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप दिया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *