मोहर्रम जुलूस पर ईंट फेंकने की घटना से मचा हड़कंप, प्रशासन अलर्ट
रुड़की : सिविल लाइंस क्षेत्र के टोडा कल्याणपुर मुस्ताहकम गांव में मोहर्रम के मातमी जुलूस के दौरान एक व्यक्ति द्वारा जुलूस की ओर ईंट फेंकने से कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ एकत्र होने लगी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तथा हालात को तत्काल नियंत्रण में ले लिया।
शुक्रवार को मोहर्रम के अवसर पर मुस्लिम समुदाय द्वारा विभिन्न क्षेत्रों से मातमी जुलूस निकाले जा रहे थे। रात करीब नौ बजे जुलूस टोडा गांव स्थित रामलीला मैदान पहुंचा, जहां मातमी कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने जुलूस की दिशा में ईंट फेंक दी, जिससे वहां मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया और कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और स्थिति को बिगड़ने नहीं दिया। देर रात तक एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ईंट फेंकने वाला व्यक्ति नशे की हालत में था। उसकी इस हरकत के कारण मौके पर भ्रम और तनाव का माहौल बना, लेकिन पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल क्षेत्र में शांति है और मामले की जांच के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।