Sat. Jun 27th, 2026

देहरादून में सुरक्षा कड़ी, कुल्हाल, आशारोड़ी और रायवाला बॉर्डर पर बैरिकेडिंग

देहरादून : पुलिस प्रशासन और निहंग सिखों के बीच प्रयाग में हुए विवाद के बाद पैदा हुआ तनाव अभी पूरी तरह कम नहीं हुआ है। पुलिस अधिकारियों से हुई बातचीत के बाद निहंग सिखों ने फिलहाल दो दिन तक पांवटा साहिब में ही रुकने पर सहमति जताई है। हालांकि, उनके उत्तराखंड कूच की आशंका को देखते हुए देहरादून जिले में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

देहरादून जिले में पुलिस और खुफिया एजेंसियों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अगले कुछ दिनों तक जिले की सीमाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच शुरू कर दी गई है।

जिले के प्रमुख प्रवेश मार्गों कुल्हाल बॉर्डर, आशारोड़ी और रायवाला में बैरिकेडिंग कर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इन स्थानों पर पुलिस बल के साथ खुफिया विभाग के अधिकारी भी तैनात हैं, जो आने-जाने वाले लोगों और वाहनों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। वाहनों के दस्तावेजों की जांच के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों से पूछताछ भी की जा रही है।

खुफिया तंत्र को भी पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है और हर छोटी-बड़ी सूचना पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह सभी कदम एहतियात के तौर पर आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाए गए हैं। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि निहंग सिखों को देहरादून से पांवटा साहिब भेज दिया गया है, जहां उनसे बातचीत की गई है। विभिन्न स्तरों पर मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकालने के लिए सकारात्मक प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *