Tue. Apr 21st, 2026

वरिष्ठ नागरिक समाज के स्तंभ, योजनाओं से हो रहा कल्याण : सीएम धामी

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र, नींबूवाला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को शुभकामनाएं दीं और उन्हें सम्मानित करते हुए वरिष्ठ नागरिक सम्मान संकल्प भी दिलाया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में एक पौधा अपनी मां के नाम पर रोपित किया तथा वृद्धजनों की सेवा के लिए निशुल्क एंबुलेंस वैन और वाकथन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज के स्तंभ हैं, जिनका आशीर्वाद और अनुभव पूरे समाज को मार्गदर्शन देता है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार बुजुर्गों के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। अटल वयोअभ्युदय योजना, प्रधानमंत्री वय वंदना योजना, राष्ट्रीय वयोश्री योजना और वृद्धावस्था पेंशन जैसी योजनाओं के जरिए लगभग 6 लाख बुजुर्गों को सीधे डीबीटी के माध्यम से पेंशन उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य में वृद्धाश्रमों की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में राजकीय वृद्धाश्रम संचालित हो रहे हैं, जबकि देहरादून, अल्मोड़ा और चंपावत में नए भवन निर्माणाधीन हैं। उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में मॉडल वृद्धाश्रम का निर्माण किया जा रहा है और रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी व पिथौरागढ़ में भी वृद्धाश्रमों की स्थापना की प्रक्रिया चल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल के लिए जेरियाट्रिक केयर गिवर प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस वर्ष 150 मास्टर ट्रेनर और केयर गिवर तैयार करने का लक्ष्य है। राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत बुजुर्गों को सहायक उपकरण वितरित किए जा रहे हैं। साथ ही इस वर्ष 1,300 वरिष्ठ नागरिकों की निशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए राज्य में माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम लागू किया गया है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के अध्यक्ष रामचंद्र गौड़, उपाध्यक्ष शांति मेहरा, हरक सिंह नेगी, एससी आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार, समाज कल्याण सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अद्दांकी और निदेशक चंद्रसिंह धर्मशक्तू सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *