Sat. Apr 18th, 2026

नदी किनारे चीख-पुकार: चार बेटों की मौत से उजड़े घर

गोरखपुर : खोराबार थाना क्षेत्र के मिर्जापुर घाट स्थित पीपा पुल के पास राप्ती नदी में नहाने गए चार किशोरों की दर्दनाक मौत के बाद शुक्रवार को तीन और शव बरामद कर लिए गए। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की चार टीमें लगातार नदी में सर्च अभियान चला रही थीं। जैसे ही शव मिले, परिवारों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, कैंट थाना क्षेत्र के रानीडीहा शिवमंदिर टोला निवासी अमन उर्फ बीरू राजभर (15), मालवीय नगर निवासी विवेक निषाद (15), जंगल सिकरी निवासी गगन पासवान (15) और रानीडीहा निवासी अनिकेत यादव (13) अपने साथी राजकरन उर्फ टाइमपास के साथ बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे साइकिल से मिर्जापुर घाट पहुंचे थे। पांचों किशोर पीपा पुल के पास राप्ती नदी में नहाने लगे। इसी दौरान चार किशोर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे, जबकि राजकरन किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, ग्राम प्रधान और पुलिस मौके पर पहुंची। खोराबार और कैंट पुलिस ने तुरंत एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम को बुलाया, जिन्होंने देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया। मौके से चार साइकिल, कपड़े और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

बृहस्पतिवार सुबह फिर से सर्च अभियान शुरू किया गया, जिसमें विवेक निषाद का शव घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर मिला। इसके बाद शुक्रवार सुबह बाकी तीन किशोरों के शव भी घटना स्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर बरामद कर लिए गए। थाना प्रभारी सुधांशु सिंह के अनुसार, सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

विवेक निषाद का शव मिलते ही परिवार में मातम छा गया। जैसे ही यह खबर घर पहुंची, परिजन बदहवास हालत में घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। मां बेटे का नाम लेकर बार-बार बेहोश हो रही थी। पिता सतीश, जो ऑटो चालक हैं, बेटे का शव देखकर फूट-फूटकर रो पड़े। आसपास खड़े लोगों की आंखें भी नम हो गईं। विवेक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और कक्षा 6 का छात्र था। परिवार के अनुसार, वह पढ़ाई में अच्छा था और घर की जिम्मेदारियों में भी हाथ बंटाता था।

उधर, अन्य तीन किशोरों के घरों में भी गम का माहौल है। परिजन अब भी नदी की ओर टकटकी लगाए बैठे थे, इस उम्मीद में कि उनका बेटा सुरक्षित लौट आएगा। हर गुजरते पल के साथ उनकी बेचैनी बढ़ती जा रही थी। पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर आंख नम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *