हीट वेव को लेकर डीएम सविन बंसल के सख्त निर्देश
देहरादून : लगातार बढ़ते तापमान और संभावित हीट वेव को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी के बाद जिलाधिकारी सविन बंसल ने सभी विभागों को समन्वित कार्रवाई करते हुए तत्काल राहत एवं सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने आमजन से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी और लू के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। देहरादून नगर और मैदानी क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। खासतौर पर जौलीग्रांट और डोईवाला क्षेत्र भीषण गर्मी की चपेट में रह सकते हैं। इसे देखते हुए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) को 24 घंटे सक्रिय रखा जाएगा।
नगर निकायों को बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, बाजारों और प्रमुख चौराहों पर पेयजल, वाटर टैंकर और छायादार स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अस्थायी शेड और विश्राम स्थल भी बनाए जाएंगे ताकि लोगों को गर्मी से राहत मिल सके।
विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि पेयजल व्यवस्था प्रभावित न हो। जल संस्थान और पेयजल विभाग को नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पानी के टैंकर उपलब्ध कराने को कहा गया है।
निर्माण स्थलों और बाहरी कार्यस्थलों पर काम करने वाले श्रमिकों के लिए कार्य अवधि सुबह और शाम तक सीमित रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही वहां छाया, पेयजल और प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
शिक्षा department को मौसम की गंभीरता को देखते हुए विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव अथवा अवकाश पर निर्णय लेने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए पर्याप्त पेयजल और प्राथमिक उपचार व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।इसके अलावा आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और ग्राम पंचायत स्तर के कर्मचारियों के माध्यम से बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों और गंभीर रोगियों की नियमित निगरानी की जाएगी।