Tue. Apr 21st, 2026

नशे में मौत की रफ्तार: पुलिस से बचने के चक्कर में कार ने 7 को कुचला, 5 की दर्दनाक मौत

आगरा : थाना न्यू आगरा क्षेत्र के केंद्रीय हिंदी संस्थान रोड स्थित नगला बूढ़ी इलाके में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। पुलिस चेकिंग से बचने के चक्कर में तेज रफ्तार से भाग रही कार ने सात लोगों को रौंद दिया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस से बचने के लिए दौड़ाई कार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक नशे में था और पास में पुलिस चेकिंग चल रही थी। पकड़े जाने के डर से उसने कार की रफ्तार और बढ़ा दी। इसी दौरान उसने सबसे पहले ऑनलाइन फूड डिलीवरी करने वाले युवक को टक्कर मार दी, जो बाइक पर था। इसके बावजूद चालक ने कार नहीं रोकी और भागने की कोशिश में सड़क किनारे चल रहे अन्य लोगों को भी कुचल दिया।

मां-बेटे समेत चार लोग आए चपेट में

कुछ ही दूरी पर कार ने नगला बूढ़ी निवासी बबली (38) और उसके बेटे गोलू, तथा दो दोस्तों कमल (23) और कृष्णा उर्फ कृष (20) को भी रौंद दिया। इसके बाद कार 100 मीटर आगे जाकर डिवाइडर से टकराई और तीन बार पलट गई। पलटने के बाद कार एक घर के बाहर टेंट के नीचे बैठे लोगों पर जा गिरी।

घर के बाहर बैठे लोगों पर गिरी कार

घटनास्थल के पास रहने वाले प्रेमचंद ने बताया कि उनके पिता दौलतराम का गुरुवार को निधन हुआ था, और इसी वजह से घर के बाहर शोकसभा के लिए टेंट लगा था। परिवार के लोग वहीं बैठे थे, तभी पलटती हुई कार आकर टेंट के नीचे घुस गई। इसके नीचे राहुल और वीरेंद्र दब गए।

चीख-पुकार से गूंज उठा इलाका

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने कार को सीधा कर दबे हुए लोगों को बाहर निकाला और पुलिस की मदद से सभी घायलों को एस.एन. मेडिकल कॉलेज भेजा गया। डॉक्टरों ने बबली, भानु प्रताप, कमल, कृष्णा और बंटेश (50) को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायलों का इलाज जारी है।

भीड़ ने की चालक की पिटाई

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया। बताया गया कि वह नशे में था और टक्कर के समय कार के एयरबैग खुलने से उसकी जान बच गई। गुस्साई भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने किसी तरह उसे भीड़ से बचाकर थाने पहुंचाया।

लोगों ने किया हंगामा, मुआवजे की मांग

दर्दनाक हादसे के बाद पूरे मोहल्ले में गुस्सा फैल गया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर हंगामा किया और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की। सूचना पर अपर पुलिस उपायुक्त आदित्य सिंह और एसीपी हरीपर्वत अक्षय संजय महाडिक मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया। करीब एक घंटे बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका।

पुलिस ने कार जब्त की

पुलिस ने हादसे में शामिल कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि चालक शराब के नशे में था और पुलिस चेकिंग से बचने के लिए तेज गति से कार चला रहा था। फिलहाल आरोपित चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

मृतकों में – बबली (38), भानु प्रताप, कमल (23), कृष्णा (20) और बंटेश (50) शामिल हैं।
घायल – राहुल और वीरेंद्र का अस्पताल में उपचार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *