Tue. Apr 21st, 2026

दिव्यांगजनों के अधिकार और सम्मान की रक्षा को सरकार प्रतिबद्ध : धामी

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिव्यांग कल्याण से जुड़ी योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शिता और सुगमता के साथ पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने सचिव स्वास्थ्य को निर्देश दिए कि प्रदेशभर में समय-समय पर दिव्यांगजनों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं, जिनमें उपचार, चिकित्सा सुविधाओं के साथ प्रमाण-पत्र, कृत्रिम अंग और अन्य सहायक उपकरण मौके पर उपलब्ध कराए जाएं। समाज कल्याण विभाग को भी पेंशन योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में पात्र दिव्यांगजनों को शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने सभी सचिवों से अपेक्षा की कि दिव्यांगजनों से जुड़े मुद्दों का विभागीय स्तर पर गंभीरता से अनुश्रवण हो और उनके हितों से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्राथमिकता में रखा जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग हैं और उन्हें सक्षम बनाने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है।

बैठक में विधायक भरत चौधरी, विधायक सविता कपूर, सचिव श्रीधर बाबू अद्दांकी, रंजीत सिन्हा, चन्द्रेश कुमार, वी. षणमुगम, डॉ. आर. राजेश कुमार, निदेशक समाज कल्याण प्रकाश चन्द्र तथा राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड के सदस्य उपस्थित रहे। विधायकगणों और बोर्ड सदस्यों द्वारा प्रस्तुत सुझावों पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की बात कही और कहा कि दिव्यांगजनों की समस्याएं केवल प्रशासनिक विषय नहीं, बल्कि मानवीय सरोकार से जुड़ी जिम्मेदारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *