Mon. Apr 20th, 2026

मलिन बस्ती के लोगों तक पहुँची स्वास्थ्य सुविधा, सुभारती अस्पताल का सहयोग

देहरादून: मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन द्वारा प्रेमनगर से आगे ठाकुरपुर स्थित बस्ती में एक निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सुभारती अस्पताल के सहयोग से संपन्न हुआ, जिसमें कुल 112 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की निशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यक दवाइयों का भी मुफ्त वितरण किया गया।

स्वास्थ्य शिविर में दून स्कूल के चंदन सिंह घुघट्याल (सुभारती हॉस्पिटल), फील्ड मेडिकल ऑफिसर डॉ. रवि कंसल, मेडिकल ऑफिसर डॉ. शाहरुख अख्तर, डॉ. हर्षित भट्ट (वेदांता डेंटल क्लीनिक), प्रो. रविंद्र शर्मा, धर्मपाल चौधरी, भावी चिकित्सक विधि डिमरी, निवेदिता घुघट्याल, गोपाल घुघट्याल, पंकज, अक्षय, अभिषेक, रितेश, पूनम वाधवा, कैप्टन राजेश वाधवा सहित अन्य सहयोगियों ने अपनी अमूल्य सेवाएं प्रदान कीं। शिविर के सफल आयोजन में अजय का भी विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर नशा मुक्ति अभियान के तहत पोस्टरों के माध्यम से लोगों को जागरूक भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सभी डॉक्टरों एवं मेडिकल टीम के सदस्यों को मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन की ओर से स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही बस्ती में निवास कर रही महिलाओं को संगठन द्वारा साड़ियां देकर सम्मानित किया गया।

इस मौके पर संगठन के अध्यक्ष सचिन जैन ने कहा कि संगठन का उद्देश्य दूर-दराज और मलिन बस्तियों में रहने वाले उन लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से अस्पताल जाकर जांच कराने में असमर्थ रहते हैं। उन्होंने कहा कि जो सुविधाएं अस्पतालों में महंगी होती हैं, उन्हें संगठन निशुल्क उपलब्ध कराकर लोगों और उनके परिवारों को स्वस्थ रखने का प्रयास कर रहा है। भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।

समाजसेवी चंदन सिंह घुघट्याल ने कहा कि जहां कुछ लोग मलिन बस्तियों के लोगों से बातचीत तक से बचते हैं, वहीं संगठन का उद्देश्य उनके बीच जाकर उनका मनोबल बढ़ाना और उनके सहयोगी बनना है।प्रदेश अध्यक्ष मधु जैन ने सभी डॉक्टरों, मेडिकल टीम और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही यह स्वास्थ्य शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *