Mon. Apr 20th, 2026

मसूरी के अटल उद्यान में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्ति का लोकार्पण

मसूरी : कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज मसूरी स्थित अटल उद्यान में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट की उपस्थिति में देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्ति का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर अटल जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी एक ऐसे राष्ट्रनेता थे, जिनकी बात को केवल सत्ता पक्ष ही नहीं, बल्कि विपक्ष के नेता भी गंभीरता से सुनते थे। उन्होंने कहा कि अटल जी का मसूरी से विशेष आत्मीय जुड़ाव रहा है और उत्तराखंड को पृथक राज्य का दर्जा दिलाने में उनका योगदान ऐतिहासिक और अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि अटल जी के विचार, सिद्धांत और कार्यशैली आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने इस अवसर पर अटल उद्यान में पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किए जाने तथा पॉली हाउस निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी हमारे विचारों और संस्कारों में सदैव जीवित रहेंगे। उन्होंने कहा कि अटल जी के सिद्धांतों, मूल्यों और राष्ट्रभक्ति की भावना के मार्ग पर चलकर ही सशक्त और समृद्ध भारत का निर्माण किया जा सकता है। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व आज भी करोड़ों लोगों को प्रेरित करता है।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, मोहन पेटवाल, ओपी उनियाल, सुरेंद्र राणा, मनमोहन शर्मा, सतीश ढौंडियाल, मनमोहन कंडवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *