Mon. Jul 20th, 2026

महाराष्ट्र हादसा: रात में कुएं में समाई कार, परिवार के 9 सदस्यों की मौत

नासिक : जिले के डिंडोरी इलाके में शुक्रवार रात एक भीषण हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत उस समय हो गई जब उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक गहरे कुएं में जा गिरी। मृतकों में छह मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिससे घटना और भी दर्दनाक हो गई है।

पुलिस के मुताबिक, दरगुड़े परिवार के सदस्य एक पारिवारिक समारोह से लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे शिवाजी नगर क्षेत्र में अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे कुएं में जा गिरी। हादसा इतना अचानक था कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। दो क्रेन और तैराकों की सहायता से देर रात तक चले अभियान में कार को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक कार में सवार सभी लोगों की मौत हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान सुनील दत्तू दरगुड़े, उनकी पत्नी रेशमा, आशा अनिल दरगुड़े और परिवार के छह बच्चों के रूप में हुई है। बच्चों में पांच लड़कियां और एक लड़का शामिल है, जिनकी उम्र 7 से 14 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सभी मृतक डिंडोरी तालुका के इंदोरे गांव के निवासी थे।

पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को कारण माना जा रहा है, हालांकि अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग गहरे सदमे में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *