Tue. Sep 22nd, 2026

शादी के अगले ही दिन नवदंपती की संदिग्ध मौत, कमरे में मिले दोनों के शव

सिद्धार्थनगर : जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिस घर में सोमवार को शादी की खुशियां थीं, वहां मंगलवार सुबह मातम पसर गया। शादी के महज करीब 20 घंटे बाद नवविवाहित दंपती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में उनके कमरे से बरामद हुए। युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी नवविवाहिता पत्नी बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ी थी। एक साथ नवदंपती की मौत से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना बांसी कोतवाली क्षेत्र के जनियाजोत गांव की है। यहां मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब परिवार के लोगों को नवदंपती के कमरे में दोनों के शव मिले। मृतक युवक की पहचान जनियाजोत गांव निवासी देशराज चौहान (21) पुत्र मुकेश चौहान के रूप में हुई है, जबकि उसकी पत्नी अनीता (19) जोगिया थाना क्षेत्र के कड़जहवा गांव की रहने वाली थी।

जानकारी के मुताबिक देशराज और अनीता के बीच काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे। उनके रिश्ते की जानकारी दोनों परिवारों को भी थी और परिजनों ने इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया था। इसके बाद दोनों परिवारों की सहमति से उनकी शादी आगामी अप्रैल महीने में तय की गई थी।

बताया जा रहा है कि देशराज करीब 20 दिन पहले मुंबई से अपने गांव वापस आया था। उसके गांव लौटने की जानकारी जब अनीता को हुई तो वह भी उसके घर पहुंच गई। परिजनों के मुताबिक अनीता देशराज के साथ रहने के लिए उसके घर आई थी। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई और आपसी सहमति से उनकी शादी पहले ही कराने का निर्णय लिया गया।

सोमवार दोपहर करीब दो बजे बांसी क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध टेकधर मंदिर में दोनों का विवाह कराया गया। शादी की रस्में पूरी होने के बाद नवदंपती को लेकर परिवार में खुशी का माहौल था। घर में रिश्तेदारों और परिचितों के लिए प्रीतिभोज का भी आयोजन किया गया। देर रात तक घर में शादी की चहल-पहल रही। दावत के बाद परिवार के सभी लोग अपने-अपने कमरों में सोने चले गए और नवदंपती भी अपने कमरे में चले गए।

मंगलवार सुबह जब देशराज की मौसी उन्हें जगाने के लिए कमरे की ओर गईं तो कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। देशराज का शव साड़ी के फंदे से लटका हुआ था, जबकि अनीता बिस्तर पर मृत पड़ी थी। एक ही कमरे में दोनों के शव मिलने की खबर जैसे ही परिवार के अन्य सदस्यों को हुई, वहां चीख-पुकार मच गई।

परिजनों के शोर और चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना तत्काल देशराज के पिता की ओर से बांसी कोतवाली पुलिस को दी गई। नवदंपती की मौत की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही बांसी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने कमरे और आसपास के स्थानों की बारीकी से जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल नवदंपती की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। युवक का शव फंदे से लटका मिलने और युवती के बिस्तर पर मृत पाए जाने के कारण पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

पुलिस के अनुसार घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। शादी के कुछ ही घंटे बाद दोनों की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि रात में कमरे के भीतर क्या हुआ था और किन परिस्थितियों में दोनों की जान गई।

फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच तेज कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, शादी के बाद जिस घर में खुशियां थीं, वहां एक साथ दो मौतों से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में भी इस घटना को लेकर शोक और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *