Tue. Apr 21st, 2026

सहकारी मेलों की तैयारियां तेज, 3 अक्टूबर से 31 दिसम्बर तक होंगे आयोजन

देहरादून : सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विधानसभा स्थित सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक करते हुए सहकारी समितियों में लंबे समय से रिक्त 279 कैडर सचिवों की शीघ्र भर्ती के निर्देश दिए। इनमें रुद्रप्रयाग में 18, पिथौरागढ़ 24, टिहरी 46, पौड़ी 44, चम्पावत 1, उत्तरकाशी 2, ऊधमसिंह नगर 27, हरिद्वार 21, नैनीताल और अल्मोड़ा में 23-23 तथा चमोली और देहरादून में 25-25 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। मंत्री ने कहा कि कैडर सचिवों की नियुक्ति से प्राथमिक सहकारी समितियों में पारदर्शिता और कार्यों की गति बढ़ेगी तथा समितियां आर्थिक रूप से भी मजबूत होंगी।

उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के उपलक्ष्य में आगामी 3 अक्टूबर से 31 दिसम्बर तक आयोजित होने वाले विशेष थीम आधारित सहकारी मेलों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेलों की तैयारियों में कोई कमी न रहे और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो।

बैठक में मंत्री ने उत्तराखंड आवास एवं निर्माण सहकारी संघ के कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभिन्न निर्माण कार्य पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे किए जाएं। इसके साथ ही जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर को काशीपुर में बन रहे शॉपिंग कॉम्प्लेक्स से जुड़े भूमि संबंधी प्रकरण का शीघ्र निस्तारण करने को कहा गया।

बैठक में आवास संघ के अधिकारियों ने बताया कि अप्रैल 2023 से अब तक 43 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत के 97 निर्माण कार्य संघ को आवंटित किए गए, जिनमें से 38 कार्य पूरे हो चुके हैं जबकि 59 अंतिम चरण में हैं। इसके अलावा समेकित परियोजना के तहत 12, जिला सहकारी बैंक के तहत 2 कार्य और गोदाम निर्माण सहित अन्य प्रस्तावित कार्य भी शामिल हैं।

बैठक में सचिव सहकारिता बीवीआरसी पुरुषोत्तम, निबंधक सहकारिता डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, अपर निबंधक एवं प्रबंध निदेशक आवास संघ इरा उप्रेती, महाप्रबंधक समुन कुमार, अधिशासी अभियंता मोहसीन अली, डेवलपमेंट ऑफिसर रोहित रस्तोगी, सरिता पासी, अंकित जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *