Thu. Aug 6th, 2026

विवाहिता की संदिग्ध मौत, स्टोर रूम में फंदे से लटका मिला शव

पंतनगर : नगला क्षेत्र में मंगलवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विवाहिता का शव घर के स्टोर रूम में फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, बिहार निवासी काजल (27), पत्नी पवन कुमार, अपने परिवार के साथ नगला क्षेत्र में किराये के मकान में रह रही थी। उसके पति पवन कुमार पंतनगर विश्वविद्यालय के सामान्य खंड में संविदा पर जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं।

बताया गया कि मंगलवार शाम को पवन कुमार और उनके पिता घर से बाहर गए हुए थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य मकान में मौजूद थे। इसी दौरान जब परिजनों ने काजल को आवाज लगाई तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। काफी तलाश के बाद स्टोर रूम का दरवाजा बंद मिला। दरवाजा खोला गया तो काजल लाल रंग की रस्सी के सहारे एग्जॉस्ट फैन से लटकी हुई दिखाई दी।

परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। कमरे की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस ने साक्ष्य सुरक्षित रखने के लिए कमरे को सील कर दिया है।

काजल का विवाह वर्ष 2020 में हुआ था और उसकी डेढ़ वर्ष की एक बेटी भी है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *