बैरागीवाला में तनाव कम, पलायन कर चुके परिवारों की वापसी शुरू
विकासनगर : बैरागीवाला गांव में भाजपा नेता विनोद कुमार की हत्या के बाद उपजे तनाव और विरोध-प्रदर्शनों के चलते पिछले कुछ दिनों तक अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात बने रहे। घटना के बाद गांव में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया था, जिसके कारण करीब 25 मुस्लिम परिवार अपने घर छोड़कर आसपास के गांवों में रिश्तेदारों के यहां चले गए थे। हालांकि अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होती दिखाई दे रही है। मंगलवार को गांव की सड़कों पर लोगों की आवाजाही बढ़ी और कई दिनों से बंद पड़ी दुकानें भी खुल गईं।
हत्या की घटना के बाद हिंदू संगठनों के विरोध, प्रदर्शन, आगजनी और पथराव की घटनाओं से माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया था। प्रदर्शनकारियों का निशाना मुख्य रूप से घटना के आरोपियों के परिवार और उनके मकान थे, लेकिन इससे गांव में रहने वाले अन्य मुस्लिम परिवारों में भी भय का वातावरण बन गया था। इसी वजह से कई परिवारों ने एहतियातन गांव छोड़ दिया था।
अब हालात में सुधार होने के साथ ही पलायन कर चुके परिवार वापस लौटने लगे हैं। स्थानीय निवासी मोहम्मद ताहिर ने बताया कि तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए वह अपने परिवार के साथ खुशहालपुर स्थित रिश्तेदारों के यहां चले गए थे। उनका कहना है कि गांव में स्थिति अब सामान्य हो रही है और जल्द ही वह अपने बच्चों को भी वापस लेकर आ जाएंगे।
सदर मस्जिद आईशा के मोहम्मद उस्मान ने कहा कि गांव का माहौल हमेशा से सौहार्दपूर्ण रहा है, लेकिन कुछ लोगों की वजह से तनाव की स्थिति पैदा हुई। उन्होंने कहा कि गांव के सभी लोग चाहते हैं कि दोषियों को कानून के अनुसार कठोर से कठोर सजा मिले और किसी भी गलत व्यक्ति का समर्थन नहीं किया जाए।
स्थानीय निवासी लियाकत अली ने बताया कि पिछले तीन दिनों के दौरान शासन-प्रशासन ने हर संभव सहायता उपलब्ध कराई और किसी को कोई विशेष परेशानी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अब तीन दिन बाद दुकानें खुली हैं और जिसने जैसा किया है उसे उसके कर्मों का फल मिलना चाहिए।
इस बीच प्रशासनिक अधिकारियों ने गांव की मस्जिदों में नमाज अदा कर लौट रहे मुस्लिम समुदाय के लोगों से बातचीत की और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि सभी लोग बिना किसी भय के अपने घरों में रह सकते हैं और अपने नियमित कार्य कर सकते हैं। साथ ही प्रशासन ने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की असामाजिक या गैरकानूनी गतिविधि में शामिल होने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।