Tue. Jul 21st, 2026

मुलायम सिंह यादव को याद कर दो मिनट का मौन, सैफई में श्रद्धा समारोह आयोजित

सैफई : समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की तृतीय पुण्यतिथि शुक्रवार को श्रद्धा और भावभीनी यादों के साथ मनाई गई। सैफई स्थित उनके समाधि स्थल पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पहुंचे और नेताजी को पुष्प अर्पित किए। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर उनके प्रति सम्मान और श्रद्धा व्यक्त की।

सुबह लगभग 10:30 बजे अखिलेश यादव के साथ राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, अभयराम सिंह यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव, पूर्व सांसद तेजप्रताप यादव, सांसद अक्षय यादव, सांसद आदित्य यादव, अनुराग यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक (अंशुल) यादव, आर्यन यादव और कार्तिकेय यादव सहित परिवार के अन्य सदस्य भी समाधि स्थल पर उपस्थित रहे।

इस अवसर पर प्रदेशभर से वरिष्ठ नेता, विधायक, सांसद, जिला पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद थे। सभी ने नेताजी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि देने के बाद अखिलेश यादव और अन्य परिवारजन समाधि स्थल पर बने मंच पर पहुंचे, जहां कार्यक्रम का संचालन किया गया। लगभग 11 बजे मैनपुरी की सांसद डिंपल यादव परिवार की महिलाओं के साथ मंच पर पहुंचीं और श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल हुईं। पूरा कार्यक्रम श्रद्धा और भावपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *