Wed. Apr 22nd, 2026

कक्षा 7 की छात्रा से होटल चलने की बात, सहायक अध्यापक गिरफ्तार

मेरठ : जिले में दो अलग-अलग मामलों में शिक्षकों और ट्यूशन पढ़ाने वाले पर छात्राओं के शोषण और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप लगे हैं। पहला मामला परीक्षितगढ़ कस्बे के एक इंटर कॉलेज का है, जहाँ कक्षा सात की छात्रा ने सहायक अध्यापक अनुराग पर अशोभनीय हरकत और धमकी देने का आरोप लगाया। छात्रा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 23 अगस्त को पढ़ाई के दौरान आरोपी शिक्षक ने उसे अपने पास बुलाकर होटल चलने के लिए कहा। जब छात्रा ने कोई जवाब नहीं दिया तो शिक्षक ने परिणाम भुगतने की धमकी दी। छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए इसकी जानकारी प्रधानाचार्य और अपने परिजनों को दी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। कॉलेज प्रबंधन ने आरोपी को तत्काल प्रभाव से दो महीने के लिए निलंबित कर दिया है। सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

दूसरा मामला भावनपुर थाना क्षेत्र का है, जहाँ एक ट्यूटर ने युवती की जिंदगी को दागदार करने की कोशिश की। जानकारी के अनुसार, गांव में ट्यूशन पढ़ाने वाले अशोक कुमार ने 20 वर्षीय छात्रा का अश्लील वीडियो बना लिया और उसे वायरल कर दिया। पीड़िता की मां ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी, जिस पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी अशोक कुमार इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुका है और गांव में ट्यूशन पढ़ाता है। पीड़िता कुछ माह पहले तक उसके पास पढ़ने जाती थी, तभी आरोपी ने उसका वीडियो बनाया था। बाद में वह युवती को ब्लैकमेल करता रहा और मिलने का दबाव डालता रहा। युवती ने पढ़ाई छोड़ दी, लेकिन आरोपी ने वीडियो वायरल कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अशोक कुमार को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *