यूट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार गिरफ्तार
देहरादून : नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के हरिद्वार बाईपास स्थित एक कैफे के पास हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने प्रसिद्ध यूट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने राज सिंह चौहान की तहरीर पर मारपीट, रास्ता रोकने, जान से मारने की कोशिश, धमकी समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस के अनुसार, राज सिंह चौहान ने तहरीर में बताया कि पांच अक्तूबर की शाम करीब छह बजे वह हरिद्वार बाईपास स्थित कैफे के पास अनुराग डोभाल और उनके साथियों से मिलने पहुंचे थे। आरोप है कि रात करीब आठ बजे बातचीत के दौरान अनुराग डोभाल और उनके साथियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
तहरीर के मुताबिक, अनुराग डोभाल पर गला दबाकर जान से मारने का प्रयास करने का आरोप है। वहीं, अन्य आरोपियों पर लोहे के हथियार और डंडों से हमला करने का आरोप लगाया गया है। राज सिंह चौहान ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें वाहन से कुचलने का प्रयास किया गया। मारपीट में चोट लगने की बात भी तहरीर में कही गई है।
राज सिंह चौहान ने पुलिस को बताया कि घटना के दौरान उनका मोबाइल फोन और सोने की चेन भी छीन ली गई। किसी तरह मौके से निकलने के बाद आरोपियों की ओर से फोन और इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
तहरीर में अनुराग डोभाल के साथ अभय चौधरी, तपन पंडित, अभिषेक टाइगर, अभिनव श्रीवास्तव और गुरु भाई समेत अन्य लोगों के नाम भी बताए गए हैं। नेहरू कॉलोनी पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस ने अनुराग डोभाल और उनके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया।