Sun. Apr 19th, 2026

तिब्बत में भीषण हिमपात, हजार से अधिक पर्वतारोहियों की फंसी जान

तिब्बत में माउंट एवरेस्ट क्षेत्र में आए भीषण बर्फ़ीले तूफ़ान के कारण लगभग एक हजार पर्वतारोही फंस गए। असामान्य रूप से भारी बर्फबारी और बारिश के चलते कई ट्रैकर्स कठिन परिस्थितियों में फंस गए थे, जिन्हें बचावकर्मी सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। रविवार तक करीब 350 पर्वतारोही कुदांग नामक कस्बे तक पहुंच चुके थे, जबकि दो सौ से अधिक लोगों से संपर्क स्थापित हो चुका है।

रविवार को शिविर स्थलों पर फंसे पर्वतारोहियों की स्थिति लगातार हो रही बर्फबारी के कारण और बिगड़ गई। इस दौरान सैकड़ों स्थानीय ग्रामीण और बचाव दल आवश्यक सामग्री लेकर घटनास्थल तक पहुंचे। सरकारी चैनल सीसीटीवी के हवाले से बीबीसी ने बताया कि अब भी दो सौ से अधिक पर्वतारोही बर्फ़ीले तूफ़ान में फंसे हुए हैं।

पहले की रिपोर्टों में कहा गया था कि चीन की ओर स्थित कर्मा घाटी में विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट की ढलानों पर हजार से अधिक पर्यटक फंसे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और पर्वतारोहियों द्वारा साझा किए गए वीडियो में दिखा कि तेज हवाओं और लगातार बर्फबारी ने रास्तों को पूरी तरह ढक दिया है।

माउंट एवरेस्ट, जिसे चीन में माउंट क्योमोलंग्मा कहा जाता है, 8,849 मीटर ऊंची दुनिया की सबसे बड़ी चोटी है। इस बीच, दक्षिण चीन के ग्वांगदोंग प्रांत के झानजियांग शहर के शूवेन काउंटी के तट पर तूफान मैत्मो ने दस्तक दी, जिसके चलते स्थानीय प्रशासन ने ग्वांगदोंग और हैनान प्रांतों से लगभग 3.47 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *