Sat. Oct 3rd, 2026

राम माधव ने भाजपा को दिया 60 पार का चुनावी लक्ष्य

देहरादून : भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को हुई सांगठनिक बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रभारी राम माधव ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत झोंकने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में अब कुछ ही महीने शेष हैं, ऐसे में कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक भूमिका से आगे बढ़कर राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय होना होगा।

राम माधव ने प्रदेश संगठन के सामने विधानसभा चुनाव में 60 पार का लक्ष्य रखा। उन्होंने कहा कि पार्टी को केवल बहुमत हासिल करने तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि सबसे अधिक सीटों के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरना है। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की धामी सरकार के विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर पार्टी के कार्यक्रमों और नीतियों का राजनीतिक संदेश घर-घर तक पहुंचाया जाए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार के कामकाज को जनता के बीच रखने के साथ विपक्ष की नीतियों और राजनीतिक रुख को भी जनता के सामने रखने को कहा। राम माधव ने कहा कि भाजपा को उत्तराखंड को उन राज्यों की श्रेणी में शामिल करने के लिए काम करना है, जहां पार्टी लगातार तीन बार चुनाव जीत चुकी है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को पहली बार चुनाव लड़ने और पहली बार जीतने जैसी ऊर्जा एवं उत्साह के साथ मैदान में उतरना होगा।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि अब कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करना होगा। संगठन के लिए पिछले वर्षों में किए गए कार्यों की चुनाव के दौरान राजनीतिक परीक्षा होगी। उन्होंने बूथ स्तर पर संवाद को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में धर्म, क्षेत्र और जाति के बाद अब युवाओं को उम्र के आधार पर बांटने की राजनीति की जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसी राजनीति का जवाब देने के लिए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

वहीं, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कहा कि पार्टी को अपनी सरकारों के विकास कार्यों और उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाना चाहिए। उन्होंने संगठन के सभी स्तरों पर एकजुटता के साथ पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *