Wed. Oct 7th, 2026

उत्तराखंड में आज निकलेगी सेवा ज्योति यात्रा

देहरादून : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में उत्तराखंड भाजपा सात अक्तूबर को पूरे प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा ज्योति यात्रा निकालेगी। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री के सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्षों के कार्यकाल को जन-जन तक पहुंचाने के साथ विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।

प्रदेश के सभी जिलों में सेवा ज्योति सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। प्रदेश महामंत्री एवं अभियान संयोजक कुंदन परिहार ने बताया कि सभी जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं को विकसित भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा और सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी।

देहरादून में मुख्य कार्यक्रम परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय भवन में आयोजित होगा। इसमें प्रदेश प्रभारी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के बाद सेवा ज्योति यात्रा का दीप लैंसडाउन चौक में स्थापित किया जाएगा।

अभियान के तहत विभिन्न जिलों में भाजपा के वरिष्ठ नेता यात्रा की कमान संभालेंगे। उत्तरकाशी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह नेतृत्व करेंगे। टिहरी में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मौजूद रहेंगे।

हरिद्वार में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा, सांसद डॉ. कल्पना सैनी और कैबिनेट मंत्री नेतृत्व करेंगे। ऊधम सिंह नगर में सह प्रभारी अरविंद मेनन और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा जिम्मेदारी संभालेंगे। पौड़ी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, सांसद अनिल बलूनी और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत यात्रा का नेतृत्व करेंगे।

नैनीताल, अल्मोड़ा समेत अन्य जिलों में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, राम सिंह कैड़ा, खजान दास समेत पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी कार्यक्रमों की कमान संभालेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *