Sun. Apr 19th, 2026

सेवा पखवाड़ा: 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक प्रदेशभर में होंगे जनहित कार्यक्रम: धामी

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में उच्च स्तरीय बैठक कर राज्य की कानून-व्यवस्था, सड़क व्यवस्था, सेवा पखवाड़ा और अन्य जनहित से जुड़े विषयों की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनता को सुगम, सुरक्षित और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सभी संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए और राज्य की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। पुलिस को रात्रिकालीन गश्त और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में सड़क व्यवस्था पर भी खास जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून के बाद विशेष अभियान चलाकर सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बरसात के बाद सड़कों के सुधारीकरण और गड्ढा मुक्त कराने के लिए निविदा प्रक्रिया पहले ही पूरी कर ली जाए, ताकि किसी भी प्रकार की देरी न हो।

मुख्यमंत्री धामी ने बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से लेकर गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर पूरे प्रदेश में सेवा, जनजागरूकता और जनहित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए प्रत्येक जिले की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से लागू की जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वे स्वयं सड़क मार्ग से विभिन्न जिलों का भ्रमण करेंगे और व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष जायजा लेंगे।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने रेत मिश्रित नमक से संबंधित शिकायत को भी गंभीरता से लिया। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत नमूने लेकर जांच करने और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी शिकायत पर समझौता नहीं किया जाएगा।

इस उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य सचिव आर.के. सुधांशु, प्रमुख सचिव, सचिव शैलेश बगोली, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमान, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते और अपर सचिव बंशीधर तिवारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई और अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *