Fri. Oct 2nd, 2026

जिज्ञासा यूनिवर्सिटी में ‘स्पार्क 26’ फ्रेशर्स पार्टी का रंगारंग आयोजन

देहरादून : जिज्ञासा यूनिवर्सिटी में गुरुवार को नए विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर्स पार्टी ‘स्पार्क 26’ का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगीत, नृत्य और मनोरंजन की विभिन्न प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। नए विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ यूनिवर्सिटी के प्रो-वाइस चांसलर प्रो. डॉ. संदीप कौटिश ने किया। उन्होंने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें विश्वविद्यालय के नए शैक्षणिक सफर के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय जीवन केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और व्यक्तित्व विकास को निखारने का महत्वपूर्ण अवसर भी है। इस दौरान ‘SPARK 26’ में विद्यार्थियों ने सिंगिंग, लोकगीत, रैप, वेस्टर्न डांस और शास्त्रीय नृत्य जैसी विभिन्न प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। पारंपरिक लोकगीतों से लेकर आधुनिक रैप और वेस्टर्न डांस तक, मंच पर प्रतिभाओं का ऐसा संगम देखने को मिला जिसने पूरे माहौल को ऊर्जा और उत्साह से भर दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रैंप वॉक रहा। आत्मविश्वास से मंच पर उतरे विद्यार्थियों ने अपने अंदाज और व्यक्तित्व से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। रैंप वॉक के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था और दर्शकों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। वहीं डीजे नाईट ने छात्रों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। इसी के साथ संगीत, नृत्य और उत्साह से सजा ‘स्पार्क 26’ का आयोजन विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय जीवन की एक खूबसूरत और यादगार शुरुआत बन गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ मीनाक्षी वर्मा और डॉ अल्का गौड़ ने किया। इस अवसर पर रजिस्ट्रार डॉ. जशनदीप सिंह सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के डीन, शिक्षकगण, स्टाफ सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *