Mon. Apr 20th, 2026

रेलवे स्टेशन पर चीख-पुकार, चंद सेकंड में उजड़ गए छह घर

मिर्जापुर : जिले के चुनार रेलवे स्टेशन पर बुधवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए आए श्रद्धालुओं में से छह लोगों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब सवा नौ बजे गोमो प्रयागराज एक्सप्रेस से कुछ यात्री उतरकर गलत दिशा से रेलवे लाइन पार कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर तीन से गुजर रही कालका मेल की चपेट में आने से छह लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि शव क्षत-विक्षत हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और शवों को लाइन से हटवाकर उनकी शिनाख्त कराई। मृतकों की पहचान सविता (28) पत्नी राजकुमार निवासी कमरिया थाना राजगढ़, साधना (16) पुत्री विजय शंकर बिंद, शिव कुमारी (12) पुत्री विजय शंकर, अप्पू देवी (20) पुत्री श्याम प्रसाद, सुशीला देवी (60) पत्नी स्व. मोतीलाल निवासी महुआरी थाना पड़री, तथा कलावती देवी (50) पत्नी जनार्दन यादव निवासी बसवा थाना कर्मा सोनभद्र के रूप में हुई है। सभी श्रद्धालु कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए प्रयागराज जा रहे थे।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित किया और स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया। एएसपी ऑपरेशन मनीष कुमार मिश्रा भी घटना स्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। उन्होंने कहा कि यह हादसा अत्यंत दुखद है और सुरक्षा के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

इस घटना पर केंद्रीय मंत्री और मिर्जापुर की सांसद अनुप्रिया पटेल ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि “आज संसदीय क्षेत्र मिर्जापुर के चुनार रेलवे स्टेशन की हृदय विदारक घटना से मन बहुत व्यथित है। जिला प्रशासन को तत्काल राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।” उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे लाइन पार करते समय नियमों का पालन करें और निर्धारित फुटओवर ब्रिज या अंडरपास का ही उपयोग करें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *